मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को ट्रैप कैमरे व सोलर फेंसिंग के निर्देश
वनाग्नि पर कड़ा रुख, रेंजवार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के आदेश
विकास कार्यों में लापरवाही पर चेतावनी—“समयबद्ध और समन्वित हों कार्य”
भीमताल , 28 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को एफटीआई सभागार, हल्द्वानी में कानून व्यवस्था एवं जनपद में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं समन्वय के साथ पूर्ण किए जाएं।
मानव-वन्यजीव संघर्ष पर आधुनिक तकनीक का सहारा
मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को गंभीर बताते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में ट्रैप कैमरे लगाने, सोलर फेंसिंग एवं तारबाड़ प्रणाली मजबूत करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को ठोस रणनीति अपनाने को कहा, ताकि जनहानि एवं फसलों के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
वनाग्नि की रोकथाम के लिए फायर लाइन (अग्निरोधक खाइयों) दुरुस्त रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग, रेंजवार मॉनिटरिंग तथा जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी वनाग्नि घटना पर त्वरित कार्रवाई हो।
विकास कार्यों में जवाबदेही तय
हल्द्वानी शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आमजन को अनावश्यक असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने दो टूक कहा कि अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और जवाबदेही से करें। विभाग आपसी जिम्मेदारियां एक-दूसरे पर न डालें और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे हों।
कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और प्रशासन को आमजन के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए गए।
रानीबाग में आईटी हब विकसित करने की योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि रानीबाग स्थित बंद पड़ी एचएमटी फैक्ट्री की भूमि पर आईटी हब विकसित करने की योजना पर कार्यवाही गतिमान है। इससे क्षेत्र में रोजगार सृजन एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने हल्द्वानी नगर के बच्चीनगर सहित अन्य क्षेत्रों में सिंचाई विभाग की नहरों के चौड़ीकरण एवं मरम्मत संबंधी प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों के सुझाव
सांसद अजय भट्ट ने वन क्षेत्रों में वाचरों की संख्या बढ़ाने, झाड़ियों की कटान तथा वन आच्छादित मार्गों की नियमित सफाई एवं मरम्मत का सुझाव दिया।
सचिव/आयुक्त दीपक रावत ने कुमाऊँ मंडल में कानून व्यवस्था, ओवरलोडिंग के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई तथा अन्य प्रशासनिक कदमों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम हेतु प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। पनियाली क्षेत्र में नियमित गश्त की जा रही है तथा ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से वन क्षेत्र में न जाने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को चारा उपलब्ध कराने के लिए भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 15 लाख रुपये की धनराशि पूर्व में उपलब्ध कराई गई है, जबकि पनियाली क्षेत्र में भी 15 लाख रुपये स्वीकृत कर वितरित किए जा रहे हैं।
वन संरक्षक सी.एस. जोशी ने जानकारी दी कि पनियाली क्षेत्र में कैमरों में लैपर्ड नहीं, बल्कि बाघ की पहचान हुई है, जिसे पकड़ने की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के मंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। यह समीक्षा बैठक राज्य में कानून व्यवस्था की सुदृढ़ता, वन्यजीव प्रबंधन की प्रभावशीलता एवं विकास कार्यों की गति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

+ There are no comments
Add yours