दूरस्थ गांवों में पहुंचे विधायक कैड़ा, ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश






जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर दिया जोर

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा कर वहां के हालातों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने धैना, पडायल, कुलोन, दिगोली, तल्ला कांडा और ढोलीगांव समेत कई गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़कों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। समस्याएं सुनने के बाद विधायक कैड़ा ने मौके से ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा। विधायक ने जल संस्थान व जल निगम के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रही पेयजल योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता युक्त रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते यह उनका दायित्व है कि गांव-गांव जाकर जनता की समस्याएं सुनें और उन्हें शासन-प्रशासन के स्तर से शीघ्र निस्तारित कराएं। गांवों के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत करते हुए उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मौके पर विधायक की तत्परता से ग्रामीणों ने संतोष जताते हुए आभार भी प्रकट किया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours