भीमताल : धारी विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा तल्ली दिनी में आदमखोर बाघ के हमले में महिला की मौत की सूचना मिलते ही प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु भी मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी अंशुल भट्ट, डीएफओ आकाश गंगवार तथा ममता चंद्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना को लेकर प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने वन विभाग और सरकार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से डीएफओ, मुख्य वन संरक्षक और सरकार को क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीवों के खतरे को लेकर आगाह कर रहे थे। चार दिन पूर्व स्थानीय लोगों के साथ नैनीताल में मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में धरना भी दिया गया था, लेकिन वन विभाग, स्थानीय विधायक और सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि लापरवाही का नतीजा यह है कि आज एक महिला की जान चली गई और उसके छोटे-छोटे बच्चे अनाथ हो गए।
हरीश पनेरु ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और वन विभाग के अधिकारियों से मृतक परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। क्षेत्रवासियों ने भी इस मांग को जायज बताया।
पनेरु ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे पूरे क्षेत्र के लोगों के साथ मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

+ There are no comments
Add yours