हरेला परंपरा बनी प्रकृति से जुड़ाव का माध्यम, सिटी पार्क में हुआ भव्य पौधारोपण

Estimated read time 1 min read





आयुक्त दीपक रावत और विधायक बंशीधर भगत ने किया शुभारंभ, “एक पेड़ माँ के नाम” का भावनात्मक संदेश

भीमताल : उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण प्रेम का प्रतीक हरेला महापर्व बुधवार को जनपद में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जिलेभर में विभिन्न स्थलों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम सिटी पार्क हल्द्वानी में हुआ, जहां कुमाऊं मंडल आयुक्त श्री दीपक रावत और कालाढूंगी विधायक श्री बंशीधर भगत ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
आयुक्त दीपक रावत ने इस मौके पर कहा कि, “हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारे दायित्व की अभिव्यक्ति है। हर व्यक्ति को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अवश्य लगाना चाहिए। यह न केवल भावनात्मक पहल है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन की दिशा में एक ठोस कदम भी है।” विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि हरेला हमें प्रकृति से जुड़ने, उसे संजोने और भविष्य की पीढ़ियों के लिए संरक्षित करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी राहुल शाह, तहसीलदार मनीषा बिष्ट सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। सिटी पार्क में दिनभर चले पौधारोपण कार्यक्रम के तहत सैकड़ों पौधे रोपे गए, जिससे पूरा परिसर हरियाली की नई सौगात से सज गया। स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता दिखाई और हरेला पर्व को प्रकृति से जुड़ने का पर्व बताया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours