उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर नैनी झील में ‘रिगाटा’ और ‘दीपदान’ का भव्य आयोजन

Estimated read time 0 min read





दीपों की झिलमिल रोशनी से नैनी झील हुई आलोकित, पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध

भीमताल । उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद, नैनीताल द्वारा झील नगरी में विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। विश्व प्रसिद्ध नैनी झील को विशेष रूप से सजाया गया और दिनभर उत्सव का माहौल बना रहा। दोपहर में झील के मध्य ‘रिगाटा’ (बोट शो) का आकर्षक आयोजन किया गया। इसमें दर्जनों नावों ने एक साथ झील के मध्य में गोलाकार आकृति बनाकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने हरी झंडी दिखाकर रिगाटा का शुभारंभ किया और सभी को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं। सायंकालीन सत्र में ‘दीपदान कार्यक्रम’ ने पूरे वातावरण को भक्ति और सौंदर्य से भर दिया। असंख्य दीपों से सजी नैनी झील दीपमालाओं से आलोकित हो उठी। झील पर झिलमिलाते दीपों का दृश्य अलौकिक प्रतीत हुआ, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में पर्यटक और स्थानीय नागरिक जुटे रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने पहला दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और सैकड़ों पर्यटक उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours