पर्यटन को बेहतर बनाने पर हुआ मंथन
भीमताल : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बुधवार को राजभवन नैनीताल में होटल एसोसिएशन, नैनीताल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन सुविधाओं, आधारभूत ढांचे और पर्यटकों को दी जाने वाली सेवाओं से जुड़ी समस्याओं व उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई। राज्यपाल ने कहा कि नैनीताल की झील और प्राकृतिक सौंदर्य यहां के प्रमुख आकर्षण हैं, जिन्हें संरक्षित करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि झील के संरक्षण के लिए नेशनल हाइड्रोग्राफर ऑफिस, देहरादून द्वारा तकनीकी सर्वेक्षण किया गया है, जिससे वैज्ञानिक आधार पर संरक्षण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
राज्यपाल ने कहा कि पर्यटन में आधुनिकता लाकर क्वालिटी टूरिज्म को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए मल्टीस्टोरी पार्किंग, रोपवे और छोटी पार्किंग सुविधाओं के विकास की बात कही। मेट्रोपोल क्षेत्र को अस्थायी रूप से राज्य सरकार को सौंपे जाने और रक्षा संपदा की भूमि के उपयोग को लेकर भी प्रयास जारी हैं। बैठक के दौरान होटल एसोसिएशन पदाधिकारियों ने राज्यपाल के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिनमें ट्रैफिक व्यवस्था सुधार, वैकल्पिक पेयजल स्रोत, सीवर प्रणाली, पंतनगर हवाई अड्डे का विस्तार, कुमाऊंनी संस्कृति को बढ़ावा देने, रूरल आर्ट कमीशन की स्थापना और हॉर्टीकल्चर टूरिज्म को प्रोत्साहन जैसे मुद्दे शामिल रहे। राज्यपाल ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इन पर सम्बंधित विभागों, स्थानीय प्रशासन, मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री के समक्ष चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ सुझावों पर पहले से ही कार्य प्रारंभ हो चुका है।
बैठक में होटल एसोसिएशन, नैनीताल के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours