राज्यपाल ने किया 20वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का शुभारंभ

Estimated read time 1 min read





राजभवन गोल्फ क्लब नैनीताल में शुरू हुआ तीन दिवसीय टूर्नामेंट, पहले दिन 70 गोल्फरों ने लिया भाग

भीमताल : राजभवन गोल्फ क्लब, नैनीताल में शुक्रवार को आयोजित 20वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) ने टी-ऑफ कर किया। तीन दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देशभर से 177 गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन 70 गोल्फरों ने खेला, जिनमें 6 महिला, 46 पुरुष और 18 जूनियर खिलाड़ी शामिल थे। शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल ने एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अमित लूथरा, पद्मश्री और अर्जुन अवार्डी जफर इकबाल, स्कूली बच्चों तथा देश के विभिन्न हिस्सों से आए गोल्फरों से संवाद किया और उनका उत्साह बढ़ाया। राज्यपाल ने कहा कि राजभवन गोल्फ कोर्स का नैसर्गिक सौंदर्य अपने आप में अद्भुत है। गोल्फ खेलने के साथ ही खिलाड़ी उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों का भी आनंद उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों को मजबूती देने वाला एक सशक्त मंच है। राज्यपाल ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट में 6 वर्ष के बच्चों से लेकर 80 वर्ष के सुपर वेटरन खिलाड़ी तक हिस्सा ले रहे हैं, जिससे इसका आकर्षण और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि राजभवन गोल्फ कोर्स खेल, प्रकृति और आत्मिक शांति का अनोखा संगम है, जहां खेलना एक विशेष अनुभव है।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में आयोजित एक बर्ड वॉचिंग सत्र में यहां 160 से अधिक पक्षी प्रजातियां देखी गईं, जिससे यह स्थल प्रकृति प्रेमियों के लिए भी खास बन गया है।
शुभारंभ कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, अपर सचिव स्वाति एस. भदौरिया, उत्तरांचल गोल्फ फेडरेशन के अध्यक्ष मेजर जनरल संजय पुरी, परिसहाय अमित श्रीवास्तव, मेजर सुमित कुमार, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, गोल्फ कैप्टन कर्नल (से नि.) विवेक भट्ट, स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, प्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधि और गोल्फ खिलाड़ी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours