गैस किल्लत पर सरकार घिरी, कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने उठाए तीखे सवाल

Estimated read time 1 min read





भीमताल । क्षेत्र में बढ़ती गैस किल्लत को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार गैस की कोई समस्या न होने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ से लेकर मैदान तक जनता गैस के लिए लंबी लाइनों में खड़ी नजर आ रही है।
शर्मा ने मीडिया के माध्यम से सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इतनी अफरा-तफरी क्यों मची है? क्यों होटल-ढाबे बंद हो रहे हैं और रोज कमाकर खाने वाले चाय-ठेली संचालकों को लंबे समय से कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बुकिंग के नाम पर भी आम जनता को उलझाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार के दावों के बावजूद गैस आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है, तो कहीं न कहीं बड़ी समस्या जरूर है। यह या तो कालाबाजारी का संकेत है या फिर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र पर्यटन आधारित क्षेत्र है और सीजन के दौरान गैस की किल्लत से छोटे कारोबारियों के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। होटल, रिजॉर्ट और होम-स्टे संचालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक छोटे कारोबारियों को घरेलू गैस के इस्तेमाल की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी और शादी के सीजन में आम जनता अपने जरूरी कार्यों को लेकर चिंतित है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार और अधिकारी एसी कमरों में बैठकर केवल बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात सामान्य होते नहीं दिख रहे। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार गंभीरता से इस समस्या पर काम नहीं करेगी, तब तक यह संकट और गहराता जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि लोग किलोमीटर दूर से गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सही जानकारी देने के बजाय इधर-उधर भटकाया जा रहा है।
अंत में मनोज शर्मा ने कहा कि सरकार का कार्य केवल टैक्स वसूली तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में जनता के साथ खड़े रहकर उसकी समस्याओं का समाधान करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours