गोल्डन हेल्थ कार्ड, बीमा योजना और नई मान्यता नीति पर जोर
भीमताल : मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शनिवार को सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने पत्रकारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य कर रही है। डॉ. उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्रकारों को स्वास्थ्य और बीमा संबंधी लाभ देने के लिए गोल्डन हेल्थ कार्ड और टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी योजनाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा और परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा दी जा रही है। अब अन्य पत्रकारों को भी इन योजनाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रेस मान्यता नियमावली में संशोधन करते हुए अब तहसील स्तर तक मान्यता देने का प्रावधान किया जा रहा है। साथ ही, पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से संकट में फंसे पत्रकारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने सुझाव दिया कि कुमाऊं मंडल के समाचार पत्रों की निरीक्षा हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर से की जाए, ताकि डाक विलंब की समस्या से बचा जा सके। इस पर संयुक्त निदेशक ने स्पष्ट किया कि जो समाचार पत्र जिला सूचना कार्यालय में नियमित रूप से जमा हो रहे हैं, उन्हें निदेशालय स्तर पर भी नियमित ही माना जाएगा। पत्रकारों ने यह भी मांग की कि शासन से जुड़े कार्यों के लिए देहरादून न जाकर हल्द्वानी में ही निपटारा हो सके। इस पर डॉ. उपाध्याय ने आश्वासन दिया कि इस दिशा में शीघ्र ही योजना बनाकर उच्चाधिकारियों से चर्चा की जाएगी।
इस मौके पर उत्तराखंड डिजिटल मीडिया एवं इन्फ्लुएंसर नियमावली 2025 के ड्राफ्ट पर भी चर्चा हुई, जिसमें पत्रकारों ने सुझाव रखे। संयुक्त निदेशक ने कहा कि उपयोगी सुझावों को नियमावली में शामिल करने के लिए निदेशालय स्तर पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी सहित जिले के कई प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours