ल्वेशाल इंटर कॉलेज से कालीरौ मंदिर तक सड़क सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास

Estimated read time 1 min read





विधायक कैड़ा ने किया 3.24 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क का भूमि पूजन

भीमताल : रामगढ़ ब्लॉक स्थित ल्वेशाल इंटर कॉलेज से मटियाली होते हुए प्राचीन कालीरौ मंदिर तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य का शिलान्यास सोमवार को क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा द्वारा किया गया। लंबे समय से खराब हालत में पड़ी इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। ग्रामीणों व श्रद्धालुओं को लंबे समय से इस मार्ग पर आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही क्षेत्रीय किसान अपने कृषि उत्पादों को मंडी तक पहुंचाने में असुविधा झेल रहे थे। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर विधायक कैड़ा से डामरीकरण की मांग की थी। विधायक कैड़ा ने ग्रामीणों की मांग को संज्ञान में लेते हुए शासन से 3.24 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई। इसी के तहत आज उन्होंने कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। कार्य प्रारंभ हो चुका है और जल्द ही इस मार्ग पर डामरीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इस अवसर पर विधायक कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास को गति मिली है। भीमताल विधानसभा के अंतर्गत अब तक दो दर्जन से अधिक मोटर मार्गों का डामरीकरण कार्य कराया जा चुका है। ग्रामीणों ने विधायक कैड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की उपस्थिति रही।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours