राज्यपाल ने गोवा वासियों को दी शुभकामनाएं, कहा- एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को करता है मजबूत
भीमताल : राजभवन नैनीताल में शुक्रवार को गोवा राज्य का स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड में निवास कर रहे गोवा प्रदेश के नागरिकों ने प्रतिभाग किया और अपनी सांस्कृतिक उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) ने भी भाग लिया और उपस्थित गोवा वासियों से संवाद कर पूरे प्रदेश को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सभी राज्यों के स्थापना दिवस को अन्य राज्यों में भी मनाने का जो निर्णय लिया गया है, वह राष्ट्र की एकता और सांस्कृतिक समरसता को सशक्त करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारत की विविधता में एकता को दर्शाते हैं और हमें एक परिवार के रूप में जोड़ने का कार्य करते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि गोवा, भले ही भारत का सबसे छोटा राज्य है, लेकिन अपने अद्वितीय समुद्र तटों, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता के लिए पूरे देश और दुनिया में प्रसिद्ध है। गोवा साहसिक जल क्रीड़ाओं और जीवंत त्योहारों का केंद्र है, जो देश की पर्यटन छवि को भी समृद्ध करता है।
उन्होंने आगे कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की यह पहल देश के विभिन्न राज्यों की परंपराओं, संस्कृति और ज्ञान को एक-दूसरे से जोड़ने का माध्यम बनती जा रही है और इससे देश की एकता और अखंडता और भी मजबूत हो रही है। कार्यक्रम में राज्यपाल सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव स्वाति एस. भदौरिया, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, तथा उत्तराखण्ड में रह रहे गोवा निवासी साइमन फर्नांडिस, मार्क डिसूजा, सुषमा मार्गरेट डिसूजा, सोनी फर्नांडिस सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours