भीमताल : त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के तहत नैनीताल जिले के चारों विकासखंडों में प्रथम चरण का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। मतदाताओं की भारी भागीदारी के चलते जिले में कुल 70.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
———————————————
धारी में सर्वाधिक मतदान, बेतालघाट सबसे कम
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, विकासखंड धारी में 75.91%, रामगढ़ में 72.91%, ओखलकांडा में 71.42%, तथा बेतालघाट में 63.67% मतदान दर्ज किया गया। जिलेभर में मतदान सुबह 8 बजे प्रारंभ हुआ और शाम तक मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
———————————————
अधिकारियों ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
प्रथम चरण के मतदान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
मुख्य विकास अधिकारी एवं उप निर्वाचन अधिकारी अनामिका ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा की। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी के एन गोस्वामी, विपिन पंत, मोनिका, तथा जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया की निगरानी की।
———————————————
दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं को मिली विशेष सुविधा
निर्वाचन में दिव्यांग व 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए।
नोडल अधिकारी (दिव्यांग मतदाता) के नेतृत्व में तैनात कर्मियों ने दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुँचाने और सुरक्षित रूप से घर तक छोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित की।
जिले में कुल 115 दिव्यांग मतदाताओं और 65 वरिष्ठ नागरिकों ने मतदान कर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की।
———————————————
डीएम ने जताया सभी का आभार
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना ने शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया के लिए सभी निर्वाचन कर्मियों, सुरक्षा बलों एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी विकासखंडों में मतदान पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जो लोकतंत्र के प्रति जनपद की जागरूकता को दर्शाता है।

+ There are no comments
Add yours