भीमताल । ग्राम सभा सोनगांव की नवगठित ग्राम पंचायत की पहली खुली बैठक पंचायत घर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान मुकेश पलड़िया ने की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने दूसरी बार जिम्मेदारी सौंपने पर समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ग्राम को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा।
ग्राम प्रधान ने बताया कि विकास की प्राथमिकताओं में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, उचित प्रकाश व्यवस्था, कृषि और स्वरोजगार को विशेष महत्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। बैठक में स्वरोजगार एवं जूस निर्माण जैसे कार्यों में लगे युवाओं की सराहना करते हुए अन्य लोगों को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, पूर्व ग्राम प्रधान, समस्त वार्ड सदस्य, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्राम सभा की सम्मानित जनता उपस्थित रही। कार्यक्रम के दौरान ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया और सभी ने मिलकर गांव के समग्र विकास के लिए सहयोग का संकल्प लिया।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल,पूर्व प्रधान लता पलड़िया, ग्राम पंचायत अधिकारी बद्री दत्त पलडिया, खीमराम, भीमराम, किशन राम, शंकर दत्त सुयाल समेत वार्ड मेंबर एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थिति रहे।

+ There are no comments
Add yours