भीमताल। पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु के नेतृत्व में ग्राम तल्ली गरगड़ी में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने, हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने तथा दोषियों को फांसी दिए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं ने बड़ी संख्या में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। महिलाओं का गुस्सा चरम पर दिखाई दिया। प्रदर्शन में “दोषियों को फांसी दो”, “आज दो अभी दो”, “अंकिता को न्याय दो” जैसे नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने कहा कि अंकिता हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह का जघन्य अपराध करने की हिम्मत न कर सके।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हरीश पनेरु से आग्रह किया कि वे अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ें। महिलाओं ने कहा कि वे इस आंदोलन में उनके साथ हैं और जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगी। उनका कहना था कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना बेहद जरूरी है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन आक्रोश और नारों के माध्यम से लोगों ने अपना विरोध खुलकर दर्ज कराया।

+ There are no comments
Add yours