गन्ना समर्थन मूल्य बढ़ाने पर किसानों ने मुख्यमंत्री धामी का किया आभार, गन्ना और पहाड़ी उत्पाद भेंट कर किया स्वागत

Estimated read time 0 min read





भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को हल्द्वानी दौरे पर पहुंचे, जहां किसानों ने उनका विशेष स्वागत किया और गन्ना समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। किसानों ने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को गन्ना भेंट किया और पहाड़ में पैदा होने वाले गडेरी, माल्टा, अदरक और शहद से भरी टोकरी भेंट कर अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गन्ने के समर्थन मूल्य में की गई 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी से प्रदेश के लगभग तीन लाख गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे किसान हित में लिया गया ऐतिहासिक निर्णय बताया।

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने शीघ्र प्रजाति वाले गन्ने का समर्थन मूल्य 375 रुपये से बढ़ाकर 405 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है, जबकि सामान्य प्रजाति के गन्ने का मूल्य 365 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 395 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। इसके साथ ही उत्तराखंड अब गन्ना समर्थन मूल्य देने में पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से भी आगे पहुंच गया है।
किसानों ने कहा कि यह निर्णय दर्शाता है कि राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने वालों में किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट, संदीप कुकसाल, हरीश सुनाल, नरेंद्र मेहरा, सोबन सिंह, भैरव खोलिया, रवीन्द्र रैकुनी और आनंदमणि भट्ट समेत कई किसान मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours