भीमताल । विधान सभा भीमताल के धारी, ओखलखंडा, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्र पूरी तरह कृषि आधारित हैं। यहां के किसान फल, सब्जी एवं अन्य फसलों के प्रमुख उत्पादक हैं, लेकिन बीते कई वर्षों से लगातार हो रही बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
इन समस्याओं को लेकर भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा एवं कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भुवन सिंह दरमवाल ने सचिव मंडी समिति हल्द्वानी से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में मंडी समिति की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने किसानों की हरसंभव मदद करे, क्योंकि किसान ही मंडी व्यवस्था की नींव हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि आपदा से प्रभावित किसानों का चिन्हीकरण किया जाए तथा उन्हें निशुल्क दवा, बीज और कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में मंडी समिति द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्नत किस्म के बीजों और दवाओं की जानकारी देने के लिए गांव-गांव कृषि जागरूकता शिविर लगाए जाने की भी मांग की गई।
इसके अलावा मंडी परिसर में स्थित किसान विश्राम गृह में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, किसानों के ठहरने की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा कुछ बहुउद्देशीय योजनाओं को तत्काल लागू करने की मांग भी रखी गई।
इस पर सचिव मंडी समिति दिग्विजय सिंह देव ने आश्वासन दिया कि किसानों के हित में दिए गए सभी सुझावों पर शीघ्र उचित कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours