नैनीताल जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित हुआ किसान दिवस

Estimated read time 0 min read





हर गुरुवार को विकासखंड स्तर पर लगेगा किसान दिवस

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाने के दिए निर्देश

भीमताल । जनपद नैनीताल के सभी विकासखंडों में सोमवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं।
विकासखंड भीमताल के सभागार में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने प्रतिभाग किया। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की किसानों के हित में संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसान कभी हार नहीं मानता, वह निरंतर परिश्रम करता है। अधिकारियों को चाहिए कि वे किसानों को नई तकनीक एवं उन्नत खेती के लिए हरसंभव सहयोग दें। उन्होंने कहा, “जो धरती की सेवा करता है, धरती उसकी भी सेवा करती है।”
जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि पशुपालकों को योजनाओं का लाभ मिले, बीमार पशुओं का शीघ्र उपचार हो तथा पशुओं को स्वस्थ रखा जाए। कृषि विभाग को उन्नत कृषि यंत्रों और फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। मृदा परीक्षण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान की भूमि का परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में हुए अनुसंधान एवं विकास का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा, जब वह सीधे किसानों तक पहुंचे। अधिकारियों को किसानों की मांग के अनुरूप सेवाएं प्रदान करते हुए अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।
उद्यान विभाग को निर्देशित किया गया कि किसानों को उत्तम गुणवत्ता के फल पौध उपलब्ध कराए जाएं, ताकि सरकारी संस्थानों पर किसानों का विश्वास बना रहे। सिंचाई विभाग को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक फसल का अपना ऋतु चक्र होता है, इसलिए बीज, पौध एवं खाद की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि बाजार में ऑर्गेनिक उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने अधिकारियों को किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यान विभाग को इंडिका प्रजाति के मधुमक्खी बॉक्स उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में क्षेत्र प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश बिष्ट ने कहा कि पॉलीहाउस, कृषि बीज, उपकरण एवं रसायन समय पर उपलब्ध होने से किसानों की आय में वृद्धि होगी। शिविर में कृषि, उद्यान, कृषि विज्ञान केंद्र, मत्स्य पालन, पशुपालन, इफको सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
किसानों ने जंगली जानवरों की समस्या, पॉलीहाउस एवं इंडिका प्रजाति की मधुमक्खी उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस अवसर पर विभिन्न प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र उप प्रमुख भीमताल उमेश पलड़िया, मुख्य कृषि अधिकारी रितु टमटा, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
जिले के अन्य विकासखंडों में भी किसान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों ने जनपद चमोली के गोचर में आयोजित राज्य स्तरीय किसान दिवस कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से देखा, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री, मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं कृषि मंत्री उत्तराखंड सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours