मुख्यमंत्री धामी महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनशील : भावना मेहरा
भीमताल : नैनीताल में नाबालिग बच्ची के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार से बात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने न सिर्फ पीड़िता की शिक्षा का संपूर्ण खर्च उठाने की बात कही है, बल्कि पीड़िता और उसकी बड़ी बहन को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत प्रत्येक को चार हजार रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने का निर्णय भी लिया है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने मुख्यमंत्री की तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें संवेदनशील और जनहितैषी नेता बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने साबित कर दिया है कि महिला सुरक्षा और सम्मान उनके लिए सर्वोपरि है। भावना मेहरा ने बताया कि पीड़ित परिवार को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और समाज कल्याण विभाग के माध्यम से कानूनी और सामाजिक सहयोग भी दिया जा रहा है। मानसिक रूप से पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए काउंसलर की व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष प्रबंध भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा और राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान व अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव कटिबद्ध है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

+ There are no comments
Add yours