त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य चुनाव 2025 के मद्देनजर की गई छापेमारी, हजारों लीटर लहन नष्ट, आरोपी फरार
भीमताल : राज्य में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य चुनाव 2025 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी नैनीताल के नेतृत्व में रामनगर और हल्द्वानी क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण व बिक्री पर बड़ी कार्रवाई की गई। आबकारी निरीक्षक उमेश पाल के नेतृत्व में रामनगर क्षेत्र के थारी और करलपुरी में छापेमारी कर दो अवैध शराब की भट्टियाँ नष्ट की गईं। मौके से लगभग 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई तथा करीब 2000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को भी नष्ट किया गया। दबिश की भनक लगते ही शराब तस्कर घने जंगलों की ओर फरार हो गए। इनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिसम्मत विवेचना प्रारंभ की गई है। इसी अभियान के तहत हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र में भी आबकारी विभाग की टीम ने दबिश दी। यहां से 52 पाउच कच्ची शराब बरामद की गईं। मौके से किरण पत्नी पूरन नामक महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में टीम के सदस्य रहे शामिल
रामनगर क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक उमेश पाल के साथ अलका, जगवती सहित आबकारी विभाग के अन्य कर्मी शामिल रहे।
निर्वाचन के मद्देनजर सख्ती जारी
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दृष्टिगत प्रशासन की सख्ती और सतर्कता लगातार जारी है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे सभी अड्डों को चिन्हित कर समूल नष्ट किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours