मन की बात का हर एपिसोड प्रेरणादायी, एआई से बदलेगा भविष्य : मुख्यमंत्री

Estimated read time 1 min read





भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दून लाइब्रेरी, परेड ग्राउंड देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 130वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मन की बात का प्रत्येक एपिसोड समाज के लिए प्रेरणास्रोत होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देश-दुनिया को ऐसे लोगों के कार्यों की जानकारी मिलती है, जो सामान्य परिस्थितियों में भी निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में लगे रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात को जन-जन का कार्यक्रम बनाया है, जिससे लाखों लोग प्रेरित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में नवाचार, विज्ञान, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है। उन्होंने एआई के बढ़ते प्रभाव पर कहा कि आने वाले समय में सभी क्षेत्रों में एआई की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और जो कार्य पहले कई दिनों में होते थे, वे कुछ ही घंटों में पूरे किए जा सकेंगे। राज्य में एआई के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान, आईटी एवं तकनीकी विभागों द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से राज्य सरकार ने कई ऐसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जो पहले कभी नहीं हुए। आज देशभर में राज्य की पहचान एक निर्णायक और साहसिक फैसले लेने वाले राज्य के रूप में स्थापित हुई है। 27 जनवरी को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने के एक वर्ष पूरे होने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की जनता से यूसीसी लागू करने का वादा किया गया था, जिसे सरकार ने पूरा किया। उत्तराखंड सीमावर्ती एवं संवेदनशील राज्य है, जहां चारधाम, गंगा और यमुना के उद्गम स्थल स्थित हैं। ऐसे में राज्य में सभी नागरिकों के लिए समान कानून आवश्यक था, जिसे लागू कर सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता सिद्ध की है।
मुख्यमंत्री ने सभी से आग्रह किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राज्य स्तर पर लिए गए निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, विधायक सुरेश गढ़िया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, अनिल गोयल, संजय नेगी, दायित्वधारी रजनी रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours