भीमताल । अल्पसंख्यक कल्याण आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने शनिवार को विकास भवन पहुंचकर अल्पसंख्यक कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र अल्पसंख्यक व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने कहा कि अल्पसंख्यक आयोग अपनी प्रतिबद्धताओं के अनुरूप अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण एवं उनके जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। शिक्षा, गरीबी उन्मूलन, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षिक उत्थान के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक विलंब या आनाकानी की शिकायत मिलने पर आयोग द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ विभागों द्वारा निर्धारित प्रारूप में डाटा उपलब्ध न कराने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सोमवार तक ई-मेल के माध्यम से डाटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनता को अनावश्यक परेशान न होना पड़े और जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर हो, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर और आसानी से मिल सके।
आयोग के सचिव जेएस रावत ने बताया कि 30 विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत अल्पसंख्यकों को लाभ मिलने अथवा न मिलने से जुड़े सभी पहलुओं को आयोग के वार्षिक प्रतिवेदन में शामिल किया जाएगा।
बैठक में सेवायोजन विभाग द्वारा 111 अल्पसंख्यक युवाओं को रोजगार हेतु प्रमाण पत्र जारी किए जाने, महिला कल्याण विभाग द्वारा 689 पेंशन व 245 प्रत्याश्रित पेंशन, जिला उद्योग विभाग द्वारा स्वरोजगार योजनांतर्गत 6 लोगों को लाभ, श्रम विभाग द्वारा 400 श्रमिकों के पंजीकरण की जानकारी दी गई। वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय की 272 मेधावी बालिकाओं को शिक्षा सहायता, पर्यटन विभाग द्वारा होम-स्टे योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों तथा अन्य विभागों द्वारा दिए गए लाभों की जानकारी प्रस्तुत की गई। सभी विभागों को सोमवार तक लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आयोग के सदस्य सुरेन्द्र जैन, नफीस अहमद, येशी थुप्तन, शकील अहमद, मोहम्मद तस्लीम, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, जिला पंचायत राज अधिकारी सुरेश बैनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश बैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours