भीमताल । समाजसेवा की दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए भवाली क्षेत्र के समाजसेवियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को गंभीर खतरे से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विद्यालय के ऊपर स्थित पहाड़ी से लगातार भूस्खलन होने के कारण विद्यालय की चारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गई थी और मलबा भवन की दीवारों तक पहुँच गया था। लगभग 285 छात्राओं की पढ़ाई के बीच किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। विद्यालय प्रबंधन द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी भीमताल एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल को पूर्व में अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समाजसेवी हेमंत गौनिया, गोविंद बल्लभ भट्ट, जगदीश नेगी, संजय वर्मा, नरेश पांडे, अजय गुप्ता, बृजेश बिष्ट, मनीष पाल और अनिल गुप्ता ने मिलकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, शिक्षा मंत्री, सांसद नैनीताल-उधम सिंह नगर एवं संबंधित अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
समाजसेवियों के सामूहिक प्रयासों का असर हुआ और शासन-प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्यालय परिसर में सुरक्षा कार्य प्रारंभ कर दिया है। अब मलबा हटाने एवं सुरक्षा दीवार को मजबूत करने का कार्य जारी है, जिससे विद्यालय की छात्राओं को राहत मिली है। समाजसेवियों ने कहा कि “जब तक विद्यालय पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक हमारा प्रयास जारी रहेगा।”

+ There are no comments
Add yours