विद्यालयों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति अनिवार्य, रोजाना व्हाट्सएप पर दर्ज होगी हाजिरी
भीमताल। प्रदेश में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के दूसरे चरण के तहत गुरुवार को नगर पंचायत भीमताल के रामलीला मैदान में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की।
यह अभियान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक एक ही स्थान पर पहुंचाना तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
पेयजल, विद्युत व अतिक्रमण की शिकायतें प्रमुख
शिविर में पेयजल, सिंचाई, विद्युत, शिक्षा, सड़क, अतिक्रमण और होम स्टे संचालन से जुड़ी करीब 60 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पेयजल लाइनों में लीकेज की शिकायतों पर सीडीओ ने जल संस्थान नैनीताल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां-जहां पानी की बर्बादी हो रही है, उसे एक माह के भीतर ठीक कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रीष्मकाल से पूर्व पेयजल की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
नौकुचियाताल क्षेत्र में पेयजल टैंक की क्षमता बढ़ाने और नए टैंक निर्माण की मांग पर अधिशासी अभियंता को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं वार्ड नंबर 6 में निर्मित पेयजल टैंक के हस्तांतरण को लेकर नगर पालिका व जल संस्थान को संयुक्त निरीक्षण कर एक सप्ताह में कार्रवाई करने को कहा गया।
स्मार्ट मीटर की जांच के निर्देश
दो उपभोक्ताओं ने स्मार्ट विद्युत मीटर से अधिक बिल आने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर विद्युत विभाग को मीटर की रीडिंग का मिलान कर जांच के बाद ही बिल जमा कराने के निर्देश दिए गए।
अवैध कब्जों पर सख्ती
नौकुचियाताल मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की सड़क पर अवैध कब्जे की शिकायत पर संबंधित विभाग को प्रशासन व पुलिस के साथ मिलकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सिंचाई नगर में अतिक्रमण की शिकायत पर सिंचाई व राजस्व विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया।
शिक्षकों की उपस्थिति पर निगरानी
विद्यालयों में शिक्षकों की कमी व देर से पहुंचने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाओं की दैनिक उपस्थिति व्हाट्सएप ग्रुप में अनिवार्य रूप से दर्ज कराई जाए।
विभिन्न विभागों ने दिए लाभ
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 80 लोगों का परीक्षण कर दवाएं वितरित कीं। आयुर्वेदिक विभाग ने 35 और होम्योपैथिक विभाग ने 40 लोगों की जांच की। श्रम विभाग ने 10 लोगों को पंजीकरण संबंधी जानकारी दी। कृषि, उद्यान, उद्योग, मत्स्य, विद्युत व पशुपालन विभागों ने भी लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा। बाल विकास विभाग ने चार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। राजस्व विभाग ने प्रमाण पत्र संबंधी कार्यवाही की तथा 10 आधार कार्ड बनाए गए।
इस अवसर पर भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours