रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने उठाई पेयजल, सड़क और रोजगार की मांग
भीमताल : ब्लॉक भीमताल के गेठिया स्थित महिला चेतना उपवन में मंगलवार देर शाम आयोजित रात्रि चौपाल में पंचायती राज सचिव चंद्रेश यादव ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख व पंचायत प्रशासक डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने पंचायतों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की मांग करते हुए कहा कि जब तक स्थानीय पंचायतों को निर्णय लेने के अधिकार नहीं मिलते, तब तक विकास की गति बाधित ही रहेगी।
चौपाल के दौरान गेठिया-आलूखेत-नैनीताल, लमजाला-जंतवालगांव-सूर्यागांव और सूर्यागांव-सातताल मोटर मार्ग के निर्माण की मांग जोर-शोर से उठी। ग्रामीणों ने कहा कि इन सड़कों के बनने से न सिर्फ आवाजाही सुगम होगी, बल्कि यह मार्ग बाईपास का भी काम करेंगे जिससे क्षेत्र में जाम की समस्या से राहत मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रशासकों ने गांवों में जंगल किनारे बसे आवासों में सोलर लाइट की मांग के साथ ही जल जीवन मिशन की धीमी गति पर चिंता जताई। पेयजल संकट के स्थायी समाधान, जर्जर पंचायत भवनों के नवनिर्माण तथा वन पंचायतों में हो रहे अतिक्रमण को लेकर भी आवाज उठाई गई। सचिव यादव ने सभी वन पंचायतों में क्षेत्रफल सीमांकन के निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने पर्वतीय क्षेत्र की ग्राम पंचायतों को उनके क्षेत्रफल के अनुसार बजट आवंटन की मांग रखी। उन्होंने ग्राम सभा की बैठकें नियमित न होने से जन्म, मृत्यु व वृद्धावस्था पेंशन से जुड़े कार्यों में आ रही समस्याओं की ओर भी ध्यान आकृष्ट किया।
महिला प्रशासक रजनी रावत व शशि चनियाल ने मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए शहद का समर्थन मूल्य तय करने और महिलाओं के लिए विशेष स्वरोजगार योजनाएं लागू करने की बात कही। साथ ही बालियानाला ट्रीटमेंट की भी मांग की गई। हिमांशु पांडे ने पंचायतों को ‘आइना’ दिखाकर जवाबदेही तय करने की बात रखी।
पंचायती राज सचिव चंद्रेश यादव ने चौपाल के बाद गेठिया गांव में रात्रि भोज एवं विश्राम किया। उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। शासन स्तर की समस्याओं के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गीता बिष्ट, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, जिला पंचायत राज अधिकारी सुरेश प्रकाश बेनी, डॉ. रेनू मार्तोलिया, बीडीओ बृजमोहन सहित पर्यटन, खाद्य, जल संस्थान, स्वास्थ्य, राजस्व व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours