जीआईएस, ड्रोन और नक्शों के आधार पर होगा सर्वे, संबंधित विभागों की टीम गठित
भीमताल : जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा शहर के भीतर स्थित ब्रिटिशकालीन 62 नालों में हो रहे अतिक्रमण को लेकर सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीएम ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अतिक्रमण की 15 दिन में सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नालों पर हो रहे अतिक्रमण को चिन्हित कर शीघ्र अतिक्रमणकारियों की पहचान की जाए। इसके लिए राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), राजकीय सिंचाई विभाग, नगर पालिका व अर्थ एवं संख्या विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम गठित कर दी गई है।
गठित टीम जीआईएस, जीपीएस, ड्रोन सर्वे और बंदोबस्ती नक्शों की मदद से ब्रिटिश काल में बनाए गए 62 नालों का सर्वेक्षण करेगी। सर्वे कार्य के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 दिवस की समयावधि में यह कार्य पूरा कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नियमानुसार की जा सके। शहर में जलभराव और प्राकृतिक जलधाराओं के बाधित होने के पीछे नालों पर हो रहा अवैध निर्माण एक बड़ी वजह माना जा रहा है। डीएम की सख्ती से स्पष्ट है कि प्रशासन अब इस दिशा में कोई लापरवाही नहीं बरतेगा।

+ There are no comments
Add yours