DM सविन बंसल का ऋषिकेश अस्पताल में छापा, CMS और चार डाॅक्टरों का वेतन रोका

Estimated read time 1 min read

  • चिकित्सालय के उपस्थिति रजिस्टर को अपने कब्जे में लिया
  • आईसीयू में ताला लगा मिला तथा टीकाकरण कक्ष में एएनएम नदारद मिली
  • वार्ड खाली तथा ऑपरेशन थिएटर में कोई मरीज न होने पर आश्चर्य जताया

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी स्वयं वाहन चलाकर चिकित्सालय पहुंचे और लाइन में लगकर ओपीडी की पर्ची बनाई। चिकित्सालय में आधा घंटा व्यतीत करने के बाद चिकित्सकों और स्टाफ को डीएम की उपस्थिति की भनक लगी।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक तथा ड्यूटी से नदारद मिले 4 चिकित्सकों का वेतन रोकने तथा प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चिकित्सालय के उपस्थिति रजिस्टर को अपने कब्जे में ले लिया। निरीक्षण के दौरान आईसीयू में ताला लगा मिला तथा टीकाकरण कक्ष में एएनएम नदारद मिली।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को अव्यवस्थाओं पर फटकार लगाई तथा रिकॉर्ड सहित तहसील दिवस में तलब किया। चिकित्सालय की खराब सफाई व्यवस्था पर सफाई ठेकेदार पर 50 हजार का अर्थदंड लगाया।

जिलाधिकारी ने मरीजों से उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने सफाई व्यवस्था और निराश्रित वार्ड में मरीजों को नीचे लिटाए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में 5 से 6 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात होने के बाद भी वार्ड खाली तथा ऑपरेशन थिएटर में कोई मरीज न होने पर आश्चर्य जताया।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours