भीमताल । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को जिला कार्यालय सभागार, नैनीताल में अधिकारियों की बैठक लेकर जनपद में चल रही महत्वपूर्ण निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यदायी विभागों को समयबद्ध व त्वरित गति से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य रूप से जमरानी बांध परियोजना, सैनिटोरियम–भवाली–कैंचीधाम बाईपास सड़क निर्माण, भवाली–सेनिटोरियम से रातीघाट (कैंचीधाम बाईपास) सड़क मार्ग, कैचीधाम क्षेत्र में पार्किंग व अन्य सुविधाएं तथा मानस खंड मंदिर माला योजना अंतर्गत नैना देवी मंदिर परिसर में हो रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जमरानी बांध परियोजना की प्रगति पर सख्त निर्देश
जमरानी बांध परियोजना, जो जून 2029 तक पूर्ण की जानी प्रस्तावित है, की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने टनल निर्माण, पुनर्वास, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण, गूलों एवं नहरों के सुधारीकरण, विद्युत लाइन बिछाने तथा अमृतपुर कैलाश द्वार से परियोजना स्थल तक सड़क सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों की अद्यतन स्थिति जानी।
परियोजना महाप्रबंधक महेश खरे ने अवगत कराया कि अब तक लगभग 800 मीटर टनल निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है और शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन के लक्ष्य के अनुसार ही कार्य की प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना निर्धारित समय जून 2029 तक हर हाल में पूर्ण हो सके।
उन्होंने बांध हेतु भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास व मुआवजा वितरण से जुड़ी कार्यवाही की भी जानकारी ली और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उपजिलाधिकारी नैनीताल व महाप्रबंधक जमरानी बांध परियोजना को संयुक्त रूप से टीम बनाकर गांव-गांव में कैंप लगाकर लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
किच्छा में बांध प्रभावित परिवारों के लिए निर्माणाधीन कॉलोनी के भवन निर्माण कार्यों की प्रगति भी जिलाधिकारी ने परखी और निर्माण कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
अमृतपुर कैलाश द्वार से बांध स्थल तक 8 किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण व डामरीकरण के संबंध में परियोजना महाप्रबंधक ने बताया कि कार्य के दौरान कुछ समय के लिए बड़े वाहनों, विशेषकर खनन में लगे वाहनों का संचालन रोकना पड़ेगा। इस पर जिलाधिकारी ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक, उपजिलाधिकारी नैनीताल एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी की टीम गठित कर तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और 15 दिन के भीतर सड़क सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
32 केवी विद्युत लाइन बिछाने में ग्रामीणों के विवाद के चलते आ रही बाधा का जिक्र करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों ने स्थिति से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नैनीताल, महाप्रबंधक बांध परियोजना व अधिशासी अभियंता विद्युत को गांव में जाकर ग्रामीणों से वार्ता कर समस्या का समाधान कर शीघ्र लाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
———————————————————————————
भवाली–कैंचीधाम बाईपास व अन्य सड़क परियोजनाओं की समीक्षा
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण सड़क परियोजना भवाली–सेनिटोरियम–रातीघाट (कैंचीधाम बाईपास) मार्ग की भी समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने अवगत कराया कि कुल 18.02 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में से लगभग 8 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण कार्य पूर्ण कर दिया गया है, शेष 10.2 किलोमीटर मार्ग में कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है तथा कलमठ, सुरक्षा दीवार आदि कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग को भवाली–अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74 मीटर स्पान का मोटर पुल प्रस्तावित है, जिसकी डीपीआर शासन को भेज दी गई है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को शासन स्तर पर संपर्क कर शीघ्र स्वीकृति की कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने काटी गई सड़क पर दीवार, पुलिया, स्कबर तथा अन्य संरचनात्मक कार्यों को तेज गति से पूरा करने और द्वितीय चरण के कार्यों की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने सेनेटोरियम से भीमताल बाईपास की स्थिति तथा पदमपुरी–धानाचुली मार्ग के सुधारीकरण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापरक व समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए। भवाली बाईपास पर निर्माणाधीन मोटर पुल को भी जल्द से जल्द पूर्ण कर यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर कहीं भी सड़क पाले आदि से क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल मरम्मत कर गड्ढामुक्त रखने के निर्देश भी एनएच अधिकारियों को दिए गए।
————————————————————————
कैचीधाम व नैना देवी मंदिर क्षेत्र में सौंदर्यीकरण कार्य
बैठक में जिलाधिकारी ने कैचीधाम मंदिर के निकट पार्किंग निर्माण, पैदल पुल, श्रद्धालुओं हेतु पाथवे, ध्यान केंद्र आदि कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने अवगत कराया कि इन कार्यों के लिए 40 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है, जिसमें से लगभग 45 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य तेजी से चल रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित अवधि के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नैनीताल स्थित प्रसिद्ध नैना देवी मंदिर परिसर में मानस खंड मंदिर माला परियोजना अंतर्गत किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य धार्मिक पर्यटन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि इस परियोजना के लिए 11 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य गतिमान हैं।
साथ ही मल्लीताल, तल्लीताल सहित विभिन्न चौराहों के सौंदर्यीकरण एवं चौड़ीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय, जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे, उपमहाप्रबंधक ललित कुमार, अभय पंत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रत्नेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours