चाफी और अलचोना गांव में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
भीमताल : आगामी 16वें वित्त आयोग के नैनीताल दौरे से पहले जिलाधिकारी वंदना बुधवार को विकासखंड भीमताल के ग्राम चाफी व अलचोना पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पूर्णानंद तिवारी राजकीय इंटर कॉलेज, चाफी में होने वाले मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि आयोजन से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। डीएम ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों—जैसे महिला स्वयं सहायता समूह, उद्यान, कृषि आदि—की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विशेष रूप से पहाड़ी उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग में प्रदर्शित किया जाए। इसके साथ ही स्थानीय स्कूलों द्वारा बनाए गए मॉडल की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी ।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी वंदना ने ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने गांव में हो रहे भू-कटाव, क्षतिग्रस्त सिंचाई गूल की मरम्मत, अधूरी पाइप लाइन को पूर्ण करने, पेयजल टैंक निर्माण और जर्जर पैदल पुल की मरम्मत जैसे मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने जल संस्थान, जल निगम व सिंचाई विभाग को नदी किनारे हो रहे भू-कटाव का स्थलीय निरीक्षण कर स्थाई समाधान की योजना बनाने को कहा। साथ ही आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई लगभग 6 से 7 किलोमीटर लंबी नहर की मरम्मत और नियमित सफाई के निर्देश भी दिए, जिससे किसानों को खेती में किसी तरह की परेशानी न हो। पेयजल संकट को लेकर भीमताल जल संस्थान और पेयजल निगम को गुरुवार को ही गांव का निरीक्षण कर समाधान की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए “नल-जल मित्र” तैनात करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने इंटर कॉलेज के छात्रों से भी कक्षाओं में जाकर संवाद किया और उन्हें पढ़ाई के साथ भविष्य के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा उन्होंने गांव में फूलों की खेती कर रहे प्रगतिशील काश्तकारों के कार्यों की सराहना की और बागान का दौरा कर जानकारी ली। बाद में नैनीताल क्लब में जिलाधिकारी वंदना ने शासन से आए अपर सचिव हिमांशु खुराना और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोग की टीम के भ्रमण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की। इसमें आवाजाही के रूट प्लान, पर्यटन और उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ होने वाली बैठक की तैयारियों पर चर्चा हुई। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग के दौरे से पहले 18 मई तक सारी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि एम.एस. धर्मशक्तू, एनएच अनिल पांगती, आरटीओ गुरदेव सिंह, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, एसडीएम नवाजिश खालिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours