भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को हल्द्वानी तहसील का औचक निरीक्षण कर भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा की। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया, जिसमें पैमाइश, नफती, सीमा विवादों का निस्तारण, जमीनों के कुर्रे बनाए जाने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की कार्रवाई शामिल थी।
निरीक्षण के दौरान डीएम रयाल ने तहसील के विभिन्न पटलों का भ्रमण कर दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी और तहसीलदार से गूल विवाद, पैमाइश, सर्वे कार्य और अतिक्रमण चिन्हीकरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने अवगत कराया कि हल्द्वानी तहसील में अब तक भूमि से जुड़े कुल 79 मामलों में से 29 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष प्रकरणों पर कार्यवाही जारी है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष मामलों का निस्तारण समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कुलदीप पाण्डे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours