मुख्य सचिव समेत सचिवों ने तालियां बजाकर किया अभिनंदन
भीमताल । जनपद नैनीताल में राजस्व एवं नागरिक सेवाओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा किए गए अभिनव प्रयासों की उत्तराखंड शासन स्तर पर खुलकर सराहना की गई है। शासन ने इन पहलों को प्रशासनिक नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए जनपद के कार्यों की प्रशंसा की।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के नेतृत्व में जनहित में शुरू की गई पहल से आम जनता को बड़ी राहत मिली है, जिससे प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। निर्विवाद विरासत मामलों के शीघ्र निस्तारण की दिशा में जनपद नैनीताल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। बीते तीन माह के भीतर राजस्व कर्मियों द्वारा ग्राम स्तर पर चौपालों का आयोजन कर लगभग 5000 निर्विवाद विरासत मामलों का त्वरित एवं सफल निस्तारण किया गया।
जनपद की इस उपलब्धि पर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, मीनाक्षी सुंदरम सहित राज्य सरकार के सभी सचिवगणों ने तालियां बजाकर जनपद नैनीताल के प्रयासों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इसके साथ ही मेड़ विवाद, सीमा विवाद, खेत संख्या में नाम एवं नंबर दुरुस्ती, पैमाइश, नपती, सीमांकन तथा गूल व फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने से जुड़े कुल 1150 मामलों के सफल निस्तारण पर परगना स्तरीय राजस्व प्रवर्तन टीमों के कार्यों की भी विशेष सराहना की गई। वहीं जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से संबंधित 2300 मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किए जाने पर संबंधित पंजीकरण अधिकारियों को भी प्रशंसा प्राप्त हुई। शासन स्तर पर कहा गया कि जनपद प्रशासन द्वारा किए गए इन ठोस प्रयासों से राजस्व एवं नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता, गति और विश्वास बढ़ा है तथा आम नागरिकों को समयबद्ध न्याय और राहत सुनिश्चित हुई है। इस संबंध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा की गई कार्यवाही और अभिनव पहल की जानकारी मुख्य सचिव को अवगत कराई गई।

+ There are no comments
Add yours