भीमताल : जिलाधिकारी वंदना ने सोमवार को रूसी बाईपास क्षेत्र में भूस्खलन की समस्या के समाधान हेतु लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे ड्रेनेज सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और फिनिशिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिशासी अभियंता को दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि कार्य में खराब गुणवत्ता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार दोनों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही, रोड साइड फर्नीचर एवं सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग व्यवस्था हेतु विधिवत मार्किंग एवं शेड निर्माण के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रूसी बाईपास से नैनीताल तक ई-शटल सेवा शुरू करने के लिए जिला पंचायत को नियमानुसार अभी से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस रूट पर परिवहन विभाग के सहयोग से इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से शटल सेवा संचालित की जाएगी। इससे होने वाली आय का उपयोग रूसी बाईपास पर पार्किंग सुविधाओं के रखरखाव में किया जाएगा। डीएम ने बताया कि यह सेवा वर्तमान में संचालित मैक्स शटल सेवा के साथ-साथ यात्रियों को एक बेहतर और पर्यावरण अनुकूल विकल्प प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने तल्लीताल डाट पर सड़क चौड़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया और अधिशासी अभियंता को शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये निर्माण कार्य स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए कराए जा रहे हैं, अतः किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाज़िश खलीक, अधिशासी अभियंता (लोनिवि प्रा.ख.) रत्नेश सक्सेना, एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours