भीमताल । देवलचौड़ चौराहे पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। विभाग ने शनिवार रात को सड़क का डामरीकरण कराया, लेकिन अगले ही दिन सुबह पानी की लाइन बिछाने के लिए उसी सड़क को बुलडोजर से खोद दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वंदना ने अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग नैनीताल को जांच कर दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी की जिम्मेदारी तय कराई जाए। साथ ही, एक रात पहले हुए डामरीकरण कार्य का भुगतान सरकारी धन से नहीं, बल्कि लापरवाह अधिकारी के वेतन से कटौती करके किया जाएगा। संबंधित अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि भी दी जाएगी। डीएम ने साफ कहा कि पेयजल लाइन बिछाने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा पहले ही NOC ली गई थी, बावजूद इसके विभाग ने आपसी समन्वय न करते हुए सड़क में डामर बिछा दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। अधीक्षण अभियंता ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी और इस कार्य का भुगतान सरकारी धनराशि से नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस आदेश की प्रति सचिव, लोक निर्माण विभाग एवं सचिव, मुख्यमंत्री को भी भेजी है।

+ There are no comments
Add yours