खेतीखान तोक में मकानों में आई दरारें, डीएम ने दिए जांच के निर्देश

Estimated read time 0 min read





शुक्रवार तक लगाया जाएगा सिस्मोग्राफ, ब्लास्टिंग पर लगी रोक

भीमताल: जमरानी बांध परियोजना क्षेत्र अंतर्गत राजस्व गांव पनिया मेहता के खतीखान तोक में मकानों में दरारें आने की सूचना पर प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी वंदना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक की अगुवाई में एक टीम गठित कर बुधवार को मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान टीम को क्षेत्र के कुछ मकानों में दरारें स्पष्ट रूप से दिखाई दीं। भूवैज्ञानिक कामिनी बिष्ट ने प्रभावित मकानों की बारीकी से जांच कर सुझाव दिया कि दरारों के सटीक कारणों की जांच के लिए भूकंप मापी यंत्र (सिस्मोग्राफ) की स्थापना आवश्यक है। समिति ने उनकी सिफारिश पर सहमति जताते हुए शुक्रवार तक सिस्मोग्राफ लगाए जाने का निर्णय लिया।
सिस्मोग्राफ की स्थापना तक क्षेत्र में किसी भी प्रकार की ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगा दी गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर परियोजना प्रबंधक जमरानी बांध को ब्लास्टिंग रोकने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान टीम ने सुरक्षा दीवार के निर्माण की आवश्यकता पर भी बल दिया और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
इस मौके पर जमरानी बांध परियोजना प्रबंधक हिमांशु पंत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस मामले में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours