सड़कों को गड्ढामुक्त करने हेतु रात-दिन कार्य करने के निर्देश
भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के निर्देशों के क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी वंदना ने हल्द्वानी नगर एवं आस-पास के क्षेत्रों में चल रहे सड़क सुधारीकरण और पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अक्टूबर माह में सभी प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त करने के लिए दिन-रात कार्य किया जाए।
जिलाधिकारी ने एडीबी परियोजना के अंतर्गत विकास कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने को कहा। UUSDA अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन वार्डों में पाइपलाइन या सीवर कार्यों के चलते खुदाई की गई है, वहां जल्द से जल्द सड़क दुरुस्ती सुनिश्चित की जाए।
10 अक्टूबर से शुरू होगा नरीमन चौराहा–गौलापुल मार्ग का हॉटमिक्स कार्य
डीएम ने नरीमन चौराहे से गौलापुल तक लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित हॉटमिक्स एवं सुधारीकरण कार्य को 10 अक्टूबर से हर हाल में शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल निगम और अन्य विभागों से कहा कि प्रस्तावित पाइपलाइन कार्य 10 अक्टूबर से पूर्व पूरा कर लिया जाए, ताकि सड़क मरम्मत में बाधा न उत्पन्न हो।
रेलवे क्रॉसिंग से गौलापुल तक चल रहे कार्यों में तेजी लाने हेतु अतिरिक्त मैनपावर लगाने और एसडीएम हल्द्वानी को प्रतिदिन निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
लालडांट चौराहा और कुसुमखेड़ा कार्यों में तेजी
लालडांट चौराहे पर चल रहे सुधार कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य में देरी पर नाराजगी जताई और एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, कुसुमखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर चौराहे पर चल रहे ड्रेनेज और सड़क सुधारीकरण कार्य को दीपावली से पूर्व पूरा करने के आदेश दिए गए।
अक्टूबर में 150 किमी सड़क पुनर्निर्माण का लक्ष्य
हल्द्वानी नगर में UUSDA द्वारा सीवर एवं पेयजल लाइन के लिए खोदी गई सड़कों में से अक्टूबर माह में 150 किलोमीटर मार्ग के पुनर्निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि इनमें से 65 किलोमीटर सीसी रोड का कार्य पूर्ण हो चुका है पर शेष कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।
त्योहारी सीजन से पहले सभी सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश
डीएम ने निर्देश दिए कि आगामी त्योहारी सीजन में नगर क्षेत्र की किसी भी सड़क पर खुदाई न हो। साथ ही नगर निगम को सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए।
कालू साईं से मंगल पड़ाव तक चौड़ीकरण की गई सड़क के किनारों को समतल एवं पक्का करने का कार्य रात के समय शुरू करने को कहा गया, ताकि आमजन को असुविधा न हो।
वार्डों का निरीक्षण, नागरिकों से फीडबैक
जिलाधिकारी ने वार्ड 48 और 49 के तल्ली बमोरी, मल्ली बमोरी और अमरावती कॉलोनी में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों से फीडबैक लेने के साथ उनकी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। यातायात सुचारु रखने हेतु स्पीड ब्रेकर लगाने को भी कहा गया।
10 दिन में रानीबाग–भीमताल मार्ग को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
डीएम ने नैनीताल–हल्द्वानी–भीमताल मार्ग सहित रानीबाग से ज्योलिकोट हाईवे की क्षतिग्रस्त सतह के पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गड्ढे भरने के बजाय सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों का पूरी तरह पुनर्निर्माण किया जाए। यह कार्य अगले 10 दिनों में पूर्ण करने को कहा गया।
रानीबाग मोटर पुल और पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लोनिवि भवाली को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी वंदना ने कहा कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों से जनता को राहत मिलती है और शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ता है।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर धर्मशक्तू, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, UUSDA परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह, लोनिवि अधिशासी अभियंता प्रत्यूष सिंह, एनएच अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours