नैनीताल जिले में स्वच्छता, अवैध खनन रोकथाम व शीतकालीन तैयारी को लेकर जिलाधिकारी सख्त

भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में गुरुवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक कर स्वच्छता अभियान, शीतकालीन तैयारी, अवैध खनन, अवैध अतिक्रमण तथा होम स्टे योजना को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ कहा कि जिले के सभी प्रवेश द्वारों व सार्वजनिक स्थानों पर कहीं भी कूड़ा एकत्रित न दिखे, अन्यथा संबंधित जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में काम करें। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) के तहत व्यवस्थित कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
————————————————————
झीलों के किनारे कूड़ा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में स्थित सभी झीलों के किनारे कहीं भी कूड़ा-करकट न हो। इसके लिए नजदीकी नगर पालिका, जिला पंचायत व विकास प्राधिकरण आपसी समन्वय से नियमित सफाई अभियान चलाएं। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग के लिए अभिनव प्रयास करने को कहा।

उन्होंने नगर आयुक्त व सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन नगर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा प्रतिदिन एक वार्ड का स्वयं निरीक्षण करें। जहां भी गंदगी पाई जाए, वहां तैनात सफाई निरीक्षक व पर्यावरण मित्र से तत्काल जवाब-तलबी कर कार्यवाही की जाए।
जो सफाई कर्मी/पर्यावरण मित्र लंबे समय से लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें नियमानुसार सेवानिवृत्त करने अथवा सेवा से हटाने तक की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पर्यावरण मित्र व सफाई कर्मचारी को मास्क, ग्लव्ज, बूट व अन्य आवश्यक उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कार्य करने में उन्हें असुविधा न हो।

रैनबसेरों, अलाव और कंबल वितरण की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस शीतकाल में अधिक ठंड पड़ने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी रेनबसेरों में बिस्तर, शौचालय, विद्युत, हीटर आदि की चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिक ठंड की स्थिति में नगर के सभी प्रमुख चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था हो तथा निराश्रित लोगों के लिए जलावन लकड़ी व कंबल वितरण की व्यवस्था पहले से दुरुस्त कर ली जाए।
————————————————————-

अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस, नियम विरुद्ध होम स्टे पर कार्रवाई

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों व खान अधिकारी को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से खनन व चुगान क्षेत्रों का निरीक्षण करें तथा कहीं भी अवैध खनन की शिकायत न आने दें। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से प्रशासन की छवि धूमिल होती है, इसलिए अधिकारी अलर्ट रहते हुए प्रभावी कार्रवाई करें।

जिले में नियम विरुद्ध संचालित हो रहे होम स्टे को चिह्नित कर उनके पंजीकरण निरस्त करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने पर्यटन विभाग से जिले में संचालित होम स्टे की जानकारी लेते हुए कहा कि यह योजना लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, अतः इसका लाभ केवल उन्हीं पात्र लोगों को मिले जो मानकों का पालन कर रहे हों।
जो होम स्टे मानकों के अनुरूप नहीं हैं, जिनमें स्वामी निवास नहीं कर रहा या पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

साथ ही, जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी से कहा कि जिले के सभी होम स्टे में स्थानीय संस्कृति की झलक दिखनी चाहिए। इसके लिए स्थानीय महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को होम स्टे में प्रदर्शित कराया जाए और पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति जानने के अवसर प्रदान किए जाएं।
——————————————————

अवैध अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण तेज करने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में हो रहे अवैध अतिक्रमण को चिह्नित कर तत्काल हटाने के निर्देश सभी उप जिलाधिकारियों और नगर आयुक्त हल्द्वानी को दिए। उन्होंने कहा कि टीमों का गठन कर फुटपाथ, नालियों व सड़कों पर हुए अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाया जाए, ताकि आम जनता को आवाजाही में परेशानी न हो।

हल्द्वानी नगर क्षेत्र में चौराहों के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से कराने के लिए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग से प्रगति रिपोर्ट मांगी तथा अवशेष चौराहों के चौड़ीकरण व सुधारीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जहां भी सड़क चौड़ी हो रही है और अतिक्रमण हटाना आवश्यक है, वहां सिटी मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त व उप जिलाधिकारी हल्द्वानी के माध्यम से तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि जहां-जहां चौड़ी सड़कों पर विद्युत पोल शिफ्ट करने हैं, वहां विद्युत विभाग तुरंत कार्यवाही कर पोलों को हटाए। शीतकाल के मद्देनजर जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता है, वहां नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्टोर में उपलब्ध रखे जाएं।
——————————————————-
शीतकालीन पर्यटन व नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित होंगे

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही नए वेडिंग डेस्टिनेशन स्थलों को चिह्नित कर विकसित किया जाए और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पर्यटन को नई दिशा मिल सके।

बैठक में रामनगर स्लॉटर हाउस के संचालन के संबंध में उप जिलाधिकारी रामनगर को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत जनपद की रैंकिंग बेहतर आए, इसके लिए स्वच्छता के क्षेत्र में विशेष व अभिनव प्रयास किए जाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सभी उप जिलाधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours