भीमताल । जिलाधिकारी वंदना ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण कार्यालय में लंबित नक्शों और आपत्ति में भेजे गए मामलों की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने पिछले एक माह में आए आवेदनों की पत्रावलियों का अवलोकन कर बार-बार आपत्ति लगाने की प्रक्रिया को समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण अंतर्गत लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। सबसे पुराने वाद को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अवैध निर्माण पर तत्काल कार्यवाही करने, कार्यालय अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव करने तथा लंबित वादों को सूचीबद्ध कर वर्गीकृत करने के निर्देश दिए। भवन मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया में विलंब रोकने के लिए जिलाधिकारी ने सचिव प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल को सप्ताह में आपत्ति निवारण शिविर आयोजित करने को कहा, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध भवन निर्माण पर की जा रही कार्रवाई, लंबित प्रकरणों की सुनवाई, अभिलेखों के डिजिटलीकरण कार्य और कंपाउंडिंग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सचिव प्राधिकरण को निर्देशित किया कि लापरवाह अभियंताओं के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाए।

+ There are no comments
Add yours