जिलाधिकारी ने किया कैंची धाम क्षेत्र का निरीक्षण, निर्माण कार्यों में लापरवाही पर जताई नाराज़गी

Estimated read time 0 min read





भवाली बायपास 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश, कैंची धाम परियोजनाओं की प्रगति पर सख्त रुख

भीमताल । जिलाधिकारी वंदना ने गुरुवार को कैंची धाम परिक्षेत्र में मानसखंड परियोजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों और बायपास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराज़गी जताते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले जिलाधिकारी भवाली बायपास पर पहुँचीं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य अगस्त माह तक पूरा होना था, किंतु मानसून के कारण इसमें विलंब हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जुलाई की डेडलाइन दी गई थी और बॉन्ड की शर्तों के अनुसार अगस्त तक कार्य पूरा होना चाहिए था। उन्होंने अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग को ठेकेदार पर पेनल्टी लगाने के निर्देश देते हुए 15 अक्टूबर तक पुल निर्माण पूरा कर बायपास चालू करने के आदेश दिए।
इसके बाद उन्होंने कैंची धाम बायपास हेतु चल रही सड़क कटिंग का निरीक्षण किया। विभाग की ओर से बताया गया कि 6 किलोमीटर सड़क कटिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 4 किलोमीटर कार्य शेष है, जिसे एक माह में पूरा कर लिया जाएगा। पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुल का निर्माण पूर्ण होने तक इस बायपास को रातीघाट से जोड़ने वाली पुरानी लिंक रोड से कनेक्ट किया जाए ताकि आपातकालीन वाहनों को ट्रैफिक जाम से राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने रातीघाट क्षेत्र में बने अस्थायी हेलीपैड का भी निरीक्षण किया और ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएँ सुनीं। ग्रामीणों ने नदी से हो रहे भू कटाव पर सुरक्षा दीवार बनाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने रोड कटिंग से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन और संपर्क मार्गों के पुनर्निर्माण के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। कैंची धाम परिसर में जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पार्किंग, पैदल पुल, पाथवे, ध्यान केंद्र, सार्वजनिक शौचालय और मेडिकल हेल्प सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours