भीमताल । अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में जनपद नैनीताल में सहकारिता मेला 2025 का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेले की रूपरेखा जारी करते हुए बताया कि जिला प्रशासन के संरक्षण में सहकारिता विभाग एवं नैनीताल जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला आयोजित किया जा रहा है। सात दिवसीय सहकारिता मेला 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में आयोजित होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सहकारिता मेला 2025 का मुख्य उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देना, उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं लाभ आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि मेले में जनपद नैनीताल के समस्त राजकीय विभागों द्वारा 25 स्टॉलों के माध्यम से अपनी विभागीय योजनाओं, सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकें। जिलाधिकारी ने बताया कि मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों को विशेष महत्व दिया गया है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री की जाएगी, जिससे ग्रामीण व स्थानीय महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही जनपद के कृषकों, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरण भी किया जाएगा, जिससे लोगों को सीधे तौर पर आर्थिक लाभ मिल सके।
मेले में 100 से अधिक व्यावसायिक स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से स्थानीय उत्पादों के साथ–साथ विभिन्न व्यावसायिक एवं उपभोक्ता वस्तुओं की बिक्री की व्यवस्था रहेगी। इस दौरान आगंतुकों को खरीदारी के साथ स्थानीय उद्योगों और उद्यमियों से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। कुल मिलाकर लगभग 130 स्टॉल मेले में स्थापित किए जाएंगे, जिनमें सरकारी विभाग, सहकारी संस्थाएं, स्वयं सहायता समूह और विभिन्न व्यावसायिक संस्थान शामिल होंगे। स्कूली बच्चों के लिए भी सहकारिता मेला विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। बच्चों के लिए निबंध लेखन, चित्रकला, ऐपण, रंगोली आदि विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी में सहकारिता, संस्कृति और रचनात्मकता के प्रति रुचि विकसित हो सके।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ–साथ विभिन्न सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहकारिता मेला 2025 में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें, सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।

+ There are no comments
Add yours