भीमताल। जिला बार एसोसिएशन नैनीताल के वर्ष 2026–27 की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम सोमवार को जारी कर दिया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश चंदोला ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 मार्च को मतदान कराया जाएगा तथा उसी दिन मतगणना के बाद शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया के तहत 23 और 24 मार्च को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन प्रपत्रों की बिक्री की जाएगी। इसके बाद 25 और 27 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 28 मार्च को दोपहर 1 बजे तक नामांकन वापसी की जा सकेगी। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा मतदाता सूची का प्रकाशन भी किया जाएगा।
सहायक चुनाव अधिकारी प्रमोद बहुगुणा, शंकर चौहान और मुकेश चंद्रा ने बताया कि चुनाव में भाग लेने वाले सदस्यों के लिए सदस्यता शुल्क एवं अन्य देयकों के भुगतान की अंतिम तिथि 19 मार्च निर्धारित की गई है। इसके बाद 28 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours