धामी बोले—जनता से सीधे संवाद ही हमारी ताकत, नैना देवी मंदिर होगा और भव्य

Estimated read time 1 min read





भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार सुबह नैनीताल की ठंडी वादियों में मॉर्निंग वॉक के दौरान आम लोगों से सीधा संवाद किया। मुख्यस्थान नैना देवी मंदिर क्षेत्र एवं ठंडी सड़क रहे, जहां उन्होंने स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और स्कूली बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय चाय विक्रेता भरत की दुकान पर रुककर चाय भी पी और उसका हालचाल जाना।
मॉर्निंग वॉक के बाद मुख्यमंत्री धामी ने मानस खंड मिशन के अंतर्गत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से चल रही परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि नैना देवी मंदिर को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए ₹11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसके अंतर्गत मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था और यात्री सुविधाओं जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य तेज गति से प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने मिशन से जुड़े अन्य विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की। उन्होंने डीएसए मैदान के सुधार कार्य, वलिया नाला क्षेत्र में हो रहे विकास और ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा से संबंधित कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours