ओलावृष्टि से तबाही: मंत्री कैड़ा ने डीएम को दिए नुकसान आकलन व मुआवजा के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल। प्रदेश के शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के धारी और ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर तत्काल नुकसान का आकलन कराने और किसानों को मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे मंत्री कैड़ा का ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
धारी ब्लॉक के साथ ही ओखलकांडा क्षेत्र के नाई, भीड़ापानी, नारतोला, हरीनगर, बेडचुला, सुनी, कटना, कोटला, गुरना, डलौज, सिमलकन्या, कचलाकोट और सुनकोट सहित कई गांवों में पहुंचे मंत्री ने बताया कि बीते दो दिनों में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। आड़ू, सेब, प्लम, नाशपाती और मटर की फसलें बर्बाद हो गई हैं।
मंत्री कैड़ा ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि गांव-गांव में अधिकारियों की टीम भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और बीमा कंपनियों के माध्यम से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व एवं पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा दिए गए दायित्वों पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी पुनः सरकार बनाएगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours