खुले गड्ढों, जलभराव और खतरनाक पेड़ों पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश
भीमताल : मानसून से पूर्व शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से आयुक्त एवं मा. मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने गुरुवार को नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, एडीबी, सिंचाई समेत विभिन्न विभागों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जरूरी कार्य समय से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि बरसात के दौरान आमजन को परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक में आयुक्त ने एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह को निर्देशित किया कि शहर में जिन स्थानों पर सीवरेज और पेयजल लाइनों का कार्य चल रहा है, वहां खुदाई के बाद गड्ढों को तत्काल भरा जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी गड्ढा अधूरा न छोड़ा जाए, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहे। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ल ने बताया कि गौलापार स्टेडियम में गौलानदी के कटाव से हो रहे नुकसान की रोकथाम के लिए चल रहे कार्य का 50 प्रतिशत हिस्सा पूरा कर लिया गया है और शेष कार्य भी तय समय सीमा में पूर्ण कर लिया जाएगा। नगर आयुक्त ऋचा सिंह को निर्देशित करते हुए आयुक्त रावत ने कहा कि शहर के जिन क्षेत्रों में जीर्ण-शीर्ण पेड़ हैं और जिनसे दुर्घटना की आशंका है, वहां तत्काल पेड़ों की छंटाई (लॉपिंग) कर उन्हें हटाया जाए। इसके साथ ही, शहर के सभी नालों की सफाई मानसून से पहले सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन इलाकों में जलभराव की समस्या रहती है, वहां त्वरित कार्यवाही करते हुए समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, उपजिलाधिकारी राहुल साह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रत्युष कुमार, एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours