जंगलिया गांव–मलुवा ताल मोटर मार्ग की मांग तेज, जिला पंचायत अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विकास खंड भीमताल के अंतर्गत जंगलिया गांव–मलुवा ताल मोटर मार्ग निर्माण की मांग एक बार फिर मुखर हो गई है। क्षेत्रवासियों ने मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष एवं प्रधान लक्ष्मण सिंह गंगोला ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक ग्राम मलुवा ताल के लोग मोटर मार्ग जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। ग्राम पंचायत के लोग लंबे समय से विभिन्न मंचों के माध्यम से सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार मुख्यमंत्री, कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग से मोटर मार्ग निर्माण की मांग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्व जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से गांव को विस्थापन की श्रेणी से हटाया गया था, जिससे ग्रामीणों को सड़क निर्माण की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब तक मार्ग का निर्माण नहीं हो पाया।
ग्रामीणों ने बताया कि मोटर मार्ग की मांग को लेकर कई बार विकास भवन में धरना-प्रदर्शन भी किया गया, इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। एक बार फिर इस मुद्दे को लेकर जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल आगे आए हैं।
जंतवाल और सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश भट्ट ने संयुक्त रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल को ज्ञापन सौंपकर मोटर मार्ग निर्माण की मांग की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में अपने स्तर से प्रयास करेंगी और समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता आर्य, ग्राम प्रधान जंगलिया गांव राधा कुल्याल, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख राम पाल सिंह गंगोला, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मदन मोहन कुल्याल, दीपा पड़ियार, शोबन राम, महेंद्र सिंह पड़ियार, प्रेम सिंह कुल्याल और पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह गंगोला सहित अनेक ग्रामीणों ने भी जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours