सामाजिक कार्यकर्ता ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जल्द कार्रवाई की मांग
भीमताल : नगर क्षेत्र में लावारिस रूप से घूम रहे गाय, बैल और बछड़ों से हो रही समस्याओं के समाधान को लेकर गौशाला निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने एसडीएम नैनीताल नवाजिश खलीक को ज्ञापन सौंपकर जल्द गौशाला निर्माण कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर क्षेत्र और उससे सटे गांवों में लावारिस पशुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। ये पशु सड़कों, गलियों, खेतों और बाजारों में खुलेआम घूमते हैं, जिससे किसान, व्यापारी और आमजन परेशान हैं। साथ ही पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था भी बाधित होती है। बृजवासी ने बताया कि वर्ष 2016-17 से इस मुद्दे को लगातार उठाया जा रहा है। पूर्व में तत्कालीन सीडीओ विनीत कुमार द्वारा नगर क्षेत्र का निरीक्षण भी कराया गया था और गौशाला निर्माण की बात कही गई थी। गत वर्ष एसडीएम नैनीताल द्वारा तहसीलदार और नगर अधिकारी को पत्र जारी कर भूमि चयन एवं कागजी प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन मामला अब तक लंबित है।
उन्होंने मांग की कि नगर पालिका, राजस्व विभाग और जिला प्रशासन मिलकर इस दिशा में सकारात्मक पहल करें, ताकि लावारिस पशुओं को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण में रखा जा सके। एसडीएम नवाजिश खलीक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार और नगर पालिका को शीघ्र भूमि चयन एवं जरूरी कार्रवाई पूरी कर गौशाला निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

+ There are no comments
Add yours