बेमौसमी बारिश से तबाही, किसानों को ‘बाजार मूल्य’ पर मुआवजा देने की मांग

Estimated read time 0 min read





भीमताल: बेमौसमी बारिश, अंधड़ और तूफान से प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का जायजा लेने के लिए कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बुधवार को धारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर किसानों की समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज शर्मा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिगड़े मौसम ने किसानों की कमर तोड़ दी है। पिछले दिनों हुई बारिश और तूफान से गेहूं, जौ और मटर की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर फसलें खेतों में गिरकर बिछ चुकी हैं। गेहूं और जौ की बालियों में वजन बढ़ने के कारण अब उनका दोबारा खड़ा होना संभव नहीं है, जबकि मटर की तैयार फसल भी पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि यदि फिर से बारिश और तेज हवा चलती है तो यह फसल पूरी तरह सड़ सकती है। मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से बेमौसमी बारिश और आपदाओं के चलते किसानों की तैयार फसलें बर्बाद हो रही हैं, लेकिन सरकार केवल आश्वासन देने तक सीमित है। उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियां भी किसानों के साथ न्याय नहीं कर रही हैं और वर्षों से उनका शोषण कर रही हैं। सरकार का किसानों के प्रति उदासीन रवैया उन्हें खेती से दूर कर रहा है। इसके साथ ही जंगली जानवरों का आतंक भी किसानों की मुश्किलें बढ़ा रहा है, जिससे पलायन लगातार बढ़ रहा है।
शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि यही स्थिति रही तो आने वाले समय में पहाड़ वीरान हो जाएंगे और अगली पीढ़ियां इन्हें केवल किताबों में पढ़ेंगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों को तत्काल बाजार मूल्य के आधार पर मुआवजा दिया जाए।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours