टूटी पुल से सातताल में बढ़ा खतरा, पर्यटकों की सुरक्षा पर उठे सवाल

Estimated read time 0 min read





भीमताल। झीलों के शहर नैनीताल के सातताल झील क्षेत्र में स्थित एक पुल दैवीय आपदा के बाद से टूटी पड़ी है, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन में हजारों की संख्या में पर्यटक सातताल पहुंचते हैं, लेकिन पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी और पूर्व सभासद प्रदीप कुमार ‘बबलू’ ने जिला प्रशासन से पर्यटन की दृष्टि से इस पुल का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से पुल क्षतिग्रस्त होने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जोखिम उठाकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
पूरन बृजवासी ने बताया कि पूर्व में इस संबंध में सिंचाई विभाग से पुल की मरम्मत की मांग की गई थी। जिस पर विभागीय अधिकारियों ने आपदा मद से बजट स्वीकृति के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजे जाने की बात कही थी। इसके बावजूद अब तक पुल के निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि पर्यटन क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित न हों।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours