रामगढ़ में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविर में उमड़ा जनसैलाब

Estimated read time 1 min read





407 लोगों को मिला सीधा लाभ, 58 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

भीमताल । उत्तराखण्ड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड रामगढ़ की न्याय पंचायत नथुवाखान के रीठापोखरा मैदान में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली, जहां लोगों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया।
शिविर में कुल 407 लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया, जबकि 102 प्रकार के प्रमाण पत्र निर्गत किए गए। इसके साथ ही 74 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 58 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
शुक्रवार को आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकांश का त्वरित समाधान किया गया।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” जैसे कार्यक्रम आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू किए गए हैं। पहले जहां लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, आज सरकार स्वयं जनता के द्वार पर पहुंच रही है और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं हो सका है, उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।शिविर में खाद्य, वन, राजस्व, जल जीवन मिशन, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, सड़क, शिक्षा, कृषि सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा 45 भू-हिस्सा प्रमाण पत्र, 4 जन्म प्रमाण पत्र एवं 4 विरासत प्रमाण पत्र निर्गत किए गए। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से एनआरएलएम महिला समूह की दो महिलाओं के दस्तावेज तैयार किए गए।
बाल विकास विभाग द्वारा 3 महालक्ष्मी किट वितरित की गईं तथा नंदा गौरा एवं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना की जानकारी दी गई।
खाद्य विभाग से संबंधित 50 मामलों में से 35 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कौशल विकास विभाग द्वारा 5 लोगों को पंजीकरण संबंधी जानकारी दी गई।
शिविर में ग्राम हरतोला निवासी प्रकाश चंद्र की तीन वर्षों से लंबित किसान निधि की समस्या का भी मौके पर समाधान किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दीपक कुमार, जिला पंचायत सदस्य निधि जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंपा रैकवाल एवं गीता बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours