ओलावृष्टि से तबाह हुई फसलें, किसानों की टूटी कमर : मनोज शर्मा

Estimated read time 1 min read





भीमताल : बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के किसानों की कमर तोड़ दी है। फलों और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने कहा कि सबसे ज्यादा असर धारी और ओखलकांडा ब्लॉक में देखने को मिला है, जहां आड़ू, पुलम, खुमानी जैसे प्रमुख फलों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने बताया कि आलू और गेहूं की खड़ी फसलों के साथ-साथ गोभी और मिर्च की नर्सरी में तैयार पौधों को भी भारी नुकसान हुआ है। इससे क्षेत्र के किसानों की आर्थिकी पूरी तरह चरमरा गई है। मनोज शर्मा ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में हर साल किसानों को बेमौसम आपदाओं से जूझना पड़ता है, लेकिन सरकार की ओर से किसानों के हित में कोई ठोस नीति नहीं बनाई जा रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल किसानों को मार्केट रेट के आधार पर मुआवजा दे ताकि बीज और अन्य जरूरी चीजों की भरपाई हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इसी तरह किसानों की उपेक्षा होती रही तो पलायन की समस्या और गंभीर हो जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने फसल बीमा कंपनियों पर लापरवाही और मुनाफाखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर प्रकृति की मार है और दूसरी ओर बीमा कंपनियों की लूट, ऐसे में किसान कैसे जिंदा रहेगा, शर्मा ने राज्य सरकार से मांग की कि तत्काल प्रभावित किसानों को राहत दी जाए और पर्वतीय क्षेत्रों के लिए व्यवस्थित और मजबूत कृषि नीति बनाई जाए, जिससे किसानों के मन में सुरक्षा और भरोसे का भाव पैदा हो।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours