क्वारव चेकपोस्ट पर छापेमारी, मावा–मिठाई के नमूने जांच को भेजे
भीमताल । दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटी खाद्य पदार्थों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया। आयुक्त एवं अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन देहरादून तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर बुधवार को सुबह 9 बजे से 11.30 बजे तक क्वारव चेकपोस्ट, खैरना पर वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान रोडवेज व प्राइवेट बसों, छोटे वाहनों और खाद्य सामग्री सप्लाई करने वाले अन्य वाहनों से करीब 20 किलो मावा और 50 किलो मिठाई बरामद हुई। संदेह के आधार पर मिठाई और खोया के कुल दो नमूने जनहित में प्रयोगशाला विश्लेषण हेतु भेजे गए। इसके बाद टीम ने मनरसा–काकड़ीघाट, सुयालबाड़ी, गंगोरी, छड़ा, खैरना और गरमपानी बाजार की कई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान चॉकलेट बर्फी, काजू डोडा बर्फी और मैदा सहित कुल पाँच नमूने जांच के लिए लिए गए। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें, बिना बिल के खरीद न करें और स्टॉक का विवरण रखें। प्रतिष्ठानों को साफ–सुथरा रखने और कर्मचारियों के मेडिकल जांच कराने के भी आदेश दिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि दीपावली को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त के निर्देश पर जनपद में संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन कार्रवाई कर रही हैं और रिपोर्ट सीधे आयुक्त कार्यालय को भेजी जा रही है।
विभाग ने आम जनता से अपील की है कि जहां भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की बिक्री हो रही हो, उसकी सूचना विभाग को दें ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके। कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान, क्वारव पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज सिंह, कांस्टेबल रीता एवं राजेंद्र मेर सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours