भीमताल। बबियाड ग्राम सभा की दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण में हो रही देरी को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है। पूर्व जिलाधिकारी बंदना सिंह द्वारा दोनों मोटरमार्गों का निरीक्षण कर तत्काल निर्माण के निर्देश दिए जाने के बावजूद आज तक कार्य शुरू न होने पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मंगलवार को जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
शर्मा ने बताया कि बबियाड गाँव में लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। कई बार धरना-प्रदर्शन और मांगों के बाद पूर्व जिलाधिकारी बंदना सिंह बबियाड पहुँची थीं। उन्होंने गैरखान–कैलाशद्वारा मोटरमार्ग और बबियाड–टपूवा–दुदुली मोटरमार्ग का निरीक्षण कर पीडब्लूडी भवाली को तत्काल निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, इन निर्देशों के बावजूद अब तक किसी भी प्रकार की निर्माण प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।
ज्ञापन में शर्मा ने कहा कि मार्गों की खराब स्थिति के कारण गांवों में आवागमन बुरी तरह प्रभावित है और मरीजों, छात्रों तथा आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोनों मार्गों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही उन्होंने मनोज शर्मा से कहा कि सड़कों के निर्माण की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से उन्हें अवगत कराते रहें।
बबियाड क्षेत्र के लोगों को अब उम्मीद है कि प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद जल्द ही सड़कों का निर्माण शुरू होगा और उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान मिलेगा।

+ There are no comments
Add yours